जौनपुर। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरपतहाँ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी-112 की टीम पर हमला करने व शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थाना सरपतहाँ पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 20 मई 2025 की रात 11:03 बजे यूपी-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि चंद्र कुमार पुत्र रामलवट सिंह निवासी अंबेडकरनगर को ग्राम कोइरीपुर थाना सरपतहाँ में बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना पर तत्काल पीआरवी 2327 मौके पर पहुंची, जहां पीआरवी कमांडर हे0का0 बलवंत पाल और चालक हो0गा0 सुनील कुमार पर भीड़ ने हमला कर दिया।
घटनास्थल पर शेष कुमार, अर्पित, जियालाल, सचिन पुत्र सुभाष, अमित, सचिन पुत्र संजय, अजय, आलोक, नीरज, करीना, अरुण, गयाप्रसाद, साजन, जितेन्द्र सहित अन्य लोगों ने घेराव कर गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम के कार्य में बाधा उत्पन्न की और इस दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस घटना पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए हे0का0 बलवंत पाल की तहरीर पर थाना सरपतहाँ में मुकदमा संख्या 116/2025, धारा 191(2), 221, 132, 352 BNS व 7 CLA ACT के तहत मामला दर्ज किया गया। नामजद अभियुक्तों नीरज, जियालाल, आलोक कुमार उर्फ सचिन, देवेन्द्र और करीना को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

