लालपुर विद्यालय में 15 दिनों से सफाई ठप
जलालपुर। विकासखंड जलालपुर के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, लालपुर में साफ-सफाई को लेकर प्रधानाध्यापक और अनुचर के बीच विवाद गहराता जा रहा है। इस विवाद के चलते पिछले 15 दिनों से विद्यालय में साफ- सफाई नहीं हो रही, जिससे स्कूल परिसर में कूड़े का अंबार लग गया है। इसी गंदगी के बीच छात्र- छात्राएं पढ़ने को मजबूर है।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि 8 फरवरी से विद्यालय की सफाई नहीं हुई है। कई बार अनुचर से सफाई करने को कहा गया, लेकिन वह विद्यालय की सफाई करने से साफ इनकार कर देता है । संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) को लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, अनुचर आदित्य आनंद का कहना है कि पिछले छह महीनों से सफाई कर्मी स्कूल नहीं आ रहे हैं और विद्यालय परिसर बड़ा होने के कारण अकेले सफाई करना संभव नहीं है। अनुचर यह भी मांग किया है कि जल्द से जल्द विद्यालय में सफाई कर्मी नियुक्त करने की व्यवस्था की जाए जिससे विद्यालय को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके । विद्यालय में गंदगी होने के कारण अभिभावक अपने बच्चों की स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है।
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि विद्यालय में स्वच्छ वातावरण बना रहे और पढ़ाई सुचारु रूप से हो सके।

