– कृष्णा कुमार नोनिया (अखंड राष्ट्र)
धनबाद : शहर के सबसे व्यस्त बैंक मोड़ फ्लाईओवर की मरम्मत अब अपने अंतिम चरण में है। इसके तहत पुराने बेयरिंग को हटाकर नई इलास्टोमेरिक ब्रिज बेयरिंग लगाई जा रही है। इसके लिए 16 हाइड्रॉलिक जैक की मदद से फ्लाईओवर को लगभग तीन मिलीमीटर तक उठाकर काम शुरू कर दिया गया है।
182 बेयरिंग होंगे रिप्लेस, लगेगा 18 हफ्ता
कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने बताया कि ट्रायल के तौर पर फिलहाल 13 नंबर स्लैब पर काम चल रहा है। यहां पांच गार्डर के पास जैक लगाकर फ्लाईओवर को हल्का ऊपर उठाया गया है। इसके बाद कंक्रीट बेसिंग तैयार कर इलास्टोमेरिक बेयरिंग लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि एक स्लैब की बेयरिंग बदलने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। इस क्रम में सभी 18 स्लैब पर 182 बेयरिंग बदले जाएंगे। पूरी प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 18 सप्ताह लगने का अनुमान है।
यातायात पर असर नहीं
पथ निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि काम स्लैब-दर-स्लैब किया जाएगा, ताकि यातायात पर कोई असर न पड़े। मरम्मत कार्य के दौरान फ्लाईओवर पूरी तरह चालू रहेगा और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
पहला चरण पहले ही पूरा
गौरतलब है कि 14 अप्रैल से शुरू हुए पहले चरण में एक लेन को बंद कर पुराने ज्वाइंट हटाए गए थे। नई सरिया लगाकर ढलाई की गई और एप्रोच रोड पर बिटुमिनस लेयर बिछाकर फ्लाईओवर को दोबारा चालू किया गया। अब अंतिम चरण में इलास्टोमेरिक बेयरिंग लगाने का काम चल रहा है, जिससे पुल और अधिक सुरक्षित व टिकाऊ हो जाएगा।
624 मीटर लंबा है फ्लाईओवर
बैंक मोड़ फ्लाईओवर की कुल लंबाई 624 मीटर है, जिसमें 18 स्लैब और 19 ज्वाइंट शामिल हैं। मरम्मत पूरी होने के बाद यह फ्लाईओवर संरचनात्मक रूप से और मजबूत होगा, जिससे आने वाले वर्षों तक यहां यातायात निर्बाध और सुरक्षित रह सकेगा।

