(अखंड राष्ट्र) वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया
धनबाद: कोयलांचल में अवैध खनन का सिलसिला एक बार फिर बड़ा हादसा लेकर आया है। धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत चापापुर ओसीपी में बुधवार सुबह अवैध उत्खनन के दौरान खदान धंस गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों ने आनन-फानन में एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल) धनबाद में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दर्जनों लोग अवैध तरीके से कोयला निकालने खदान के अंदर उतरे थे। अचानक मिट्टी खिसकने से कई लोग मलबे में दब गए। अभी भी पांच से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

अफरा-तफरी और ग्रामीणों का गुस्सा
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीण और परिजन तुरंत घटनास्थल पर जुट गए और बिना प्रशासन का इंतजार किए खुद ही राहत-बचाव कार्य में लग गए। हालांकि गहराई और मलबे की वजह से राहत कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति
एसएनएमएमसीएच पहुंचने पर घायल व्यक्ति के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायल की हालत नाजुक है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना पाकर निरसा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव अभियान शुरू कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों की संख्या को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
इलाके में दहशत और आक्रोश
हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

