– व्यापारियों में आक्रोश, कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी इंचार्ज अभिषेक कुमार राय की दबंगई एक बार फिर सामने आई है। बुधवार रात करीब 8:50 बजे चौकी प्रभारी ने हरहुआ चौराहे (हनुमान मंदिर) के पास सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को अपनी कार से टक्कर मार दी। बारिश के दौरान बाइक एक दुकानदार द्वारा कुछ सामान लेने के लिए सड़क किनारे खड़ी की गई थी।
टक्कर के बाद कार से उतरे सिपाही विवेक सिंह ने बाइक चालक को अपशब्द कहे और धमकाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही दूर पर कार खड़ी कर चौकी प्रभारी खुद वहां आए और बिना किसी सुनवाई के गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने बाइक की फोटो खींचकर चालान करने की धमकी दी, और जब दुकानदार ने ऐसा करने से रोका तो उसकी दुकान का भी चालान करने की धमकी दी और सिपाही को दुकानदार और दुकान की फोटो खींच कर चालान करने के लिए निर्देशित कर दिया।
पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह *चौकी इंचार्ज अपनी वर्दी की मर्यादा भूलकर आम नागरिक और व्यापारी को अपमानित कर रहे हैं।*
स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। गुरुवार सुबह जैसे ही यह मामला व्यापारियों के बीच फैला, हरहुआ क्षेत्र के दुकानदार उस दुकान में पहुंच गए और सीसीटीवी में कैद पूरी घटना को लोगों ने देखा और चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज अभिषेक राय द्वारा लगातार व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है और उनकी भाषा, व्यवहार और कार्यशैली पूरी तरह से असंवैधानिक है।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लगातार चौकी प्रभारी की तानाशाही और बदसलूकी का व्यापारी समुदाय शिकार हो रहा है। अगर प्रशासन ने जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की, तो हरहुआ व्यापार मंडल धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।

