जौनपुर। जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ के निर्देश पर एक नई पहल की गई है, जिसके क्रम में बदलापुर कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पाण्डेय द्वारा कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यह कदम क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाजार, चौराहों, बस स्टैंड, बैंक के आसपास और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए हैं। इससे अब हर गतिविधि पर रहेगी पुलिस की नजर और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना होगा आसान।
कोतवाल अरविंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक के सहयोग से संचालित हो रहा है, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी, उन्होंने बताया कि अभी कोतवाली क्षेत्र के तीन प्रमुख स्थानों पर यह कैमरे लगाए गए हैं कुल सात स्थानों पर यह कार्य किया जाना है।
जहां कोतवाली क्षेत्र के लोगों ने पुलिस अधिक्षक के निर्देश पर कोतवाल अरविंद कुमार पाण्डेय द्वारा कराए जा रहे इस कदम की सराहना करते हुए कहा जा रहा है कि इससे न केवल सुरक्षा की भावना बढ़ेगी, बल्कि अपराधियों में डर भी पैदा होगा साथ ही लोग अपने आप को निगरानी होते देखकर सुरक्षित महसूस करेंगे।
वहीं कोतवाल द्वारा यह भी बताया गया कि “बदलापुर को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरे इसी दिशा में एक बड़ा कदम हैं।

