गौराबादशाहपुर । राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद ने बुधवार को अचानक कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय धर्मापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से सीधा संवाद कर मिलने वाली व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।
भाजपा राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद बुधवार को दोपहर में ब्लॉक स्थित कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गई। निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद ने छात्राओं के लिए बनने वाली एमडीएम , सोने की व्यवस्था एवं कक्षाओं में संचालित व्यवस्थाओं के बारे में कक्षा 6 व 7 की छात्राओं से सीधा संवाद करके जानकारी प्राप्त की। कक्षा छह की छात्रा ज्योति और सूहानी से पूछा कि कभी विद्यालय स्टाफ द्वारा या वार्डन द्वारा किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नहीं महसूस होती, खाने के दौरान दोबारा मांगने पर सब्जी डाल रोटी दी जाती है कि नही जिस पर उक्त छात्राओं ने बताया कि सप्ताह में दो बार खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य द्वारा खुद उनकी खाने-पीने एवं रहने सोने की व्यवस्थाओं को निरीक्षण करते हुए देखा जाता है। छात्राओं के जवाब से महिला आयोग सदस्य संतुष्ट दिखी। इसी दौरान छात्राओं ने महिला आयोग सदस्य से अयोध्या धाम दर्शन करने की इच्छा जताई जिस पर राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को जल्द ही अयोध्या मंदिर घूमने के ट्रिप का वादा किया। इस दौरान कुल 100 छात्रों में 96 छात्राएं उपस्थित रही।

