एसडीओ को ज्ञापन सौंप कर चेयरमैन ने दी स्मार्ट मीटर न लगाने की चेतावनी
- सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर/जौनपुर | मुंगराबादशाहपुर नगर के दुकानों एवं घरों में अचानक स्मार्ट मीटर लगने को लेकर हड़कंप मच गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता व चेयरमैन कपिल मुनि उमरवैश्य के नेतृत्व में व्यापारी व उपभोक्ताओं एवं सभासदों ने विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। और एसडीओ आलोक उपाध्याय को ज्ञापन सौंप कर स्मार्ट मीटर न लगाने की चेतावनी भी दी।
शनिवार को मुंगरा बादशाहपुर नगर क्षेत्र के जंघई रोड बैंक रोड मोहल्ले में विद्युत विभाग द्वारा घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा था। यह बात जैसे ही लोगों तक पहुंची लोग आक्रोशित हो गए, और जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने लगे। आक्रोश बढ़ता देखकर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता व चेयरमैन कपिल मुनि उमरवैश्य, व्यापारी, उपभोक्ताओं व सभासदों ने विद्युत उपकेंद्र धौरहरा पहुंचकर एसडीओ आलोक उपाध्याय का घेराव करना शुरू कर दिया। घेराव होता देखकर विद्युत विभाग सदमे में आ गया। आनन फानन में स्मार्ट मीटर लगा रहे लोग फरार हो गए। चेयरमैन और व्यापार मंडल अध्यक्ष ने एसडीओ आलोक उपाध्याय को ज्ञापन सौंप कर उपभोक्ता व व्यापारियों के यहां बलपूर्वक बिना सहमति से स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध दर्ज कराया गया। आरोप है कि विद्युत कर्मचारियों के द्वारा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना सही चल रहे मीटर को उखाड़ कर स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। आरोप है कि कुछ घरों में जहां पुरुष नहीं थे वहां महिलाओं से अभद्रता करते हुए जबरन स्मार्ट मीटर लगाया गया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने व्यापारियों व चेयरमैन कपिल मुनि उमरवैश्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिया जाएगा। यदि विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के सहमति बिना स्मार्ट मीटर लगाती है तो एक बड़े आंदोलन के लिए वह तैयार रहे। और जरूरत पड़े तो व्यापारी वर्ग अनिश्चितकालीन हड़ताल भी करेगा जिसके संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। इस अवसर पर सभासद सूर्यालाल जायसवाल, विश्वनाथ जायसवाल, अनिल कुमार भूरे, बैजनाथ साहू, अनिल कुमार साहू, रितेश मौर्या, दीपू मोदनवाल, रमेश बिंद, वीरेंद्र पटेल, शिव कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे

