हैदराबाद: 9 से 11 सितंबर तक हैदराबाद में आयोजित 7वें ऑल इंडिया प्रिजन ड्यूटी मीट में उत्तर प्रदेश कारागार विभाग ने 21 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। पहली बार कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विभाग ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
उत्तर प्रदेश ने कराटे (महिला -50 किग्रा) में ममता भारती ने स्वर्ण, कंप्यूटर और टेक्नोलॉजी में सौरभ श्रीवास्तव और सुकन्या पराशर ने रजत, क्विज में पी.एन. पांडे और रवि आनंद, वन मिनट ड्रिल में शरेंदु कुमार त्रिपाठी, रवि आनंद और पवन सिंह, ऊंची कूद में विजय कुमार, ड्रामा में पूजा त्यागी, करिश्मा सिंह, अमित दुबे, अभिनव मिश्रा और विजय बाजपेई, तथा सिंगिंग में प्रशांत शुक्ला ने कांस्य पदक हासिल किए।
महानिदेशक कारागार पी.सी. मीना ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग की प्रतिबद्धता, अनुशासन और प्रतिभा का प्रमाण है। यह पहली बार है जब विभाग ने इतने पदक जीते, जो खेल, कला और तकनीकी क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को दर्शाता है।


