डाक अधीक्षक को ग्रामीणों ने सौंपा शिकायती पत्र
सुइथाकला।
थाना सरपतहा क्षेत्र के सुइथाकला गांव में लंबे समय से संचालित उप डाकघर को स्थानांतरित करने की चर्चा से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को ग्रामीणों ने डाक अधीक्षक, जौनपुर को लिखित शिकायत देकर उप डाकघर को यथावत रखने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सुइथाकला गांव में वर्षों से स्थापित उप डाकघर को उप डाकपाल विनोद मिश्र द्वारा कथित तौर पर दूसरी जगह स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने डाक अधीक्षक को पत्र लिखकर आग्रह किया कि उप डाकघर को सुइथाकला में ही रखा जाए, क्योंकि इसके हटने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी होगी। ग्रामीण धीरेन्द्र मिश्र सहित अन्य ने बताया कि रुधौली से मात्र 100 मीटर की दूरी पर सरपतहा गांव में भी एक डाकघर मौजूद है।
ग्रामीणों ने डाक अधीक्षक से मांग की है कि सुइथाकला का उप डाकघर न हटाया जाए। इस संबंध में उप डाकपाल विनोद मिश्र ने स्पष्ट किया कि कुछ समय पहले नेटवर्क की समस्या के कारण यह चर्चा थी, लेकिन उप डाकघर को हटाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह महज एक अफवाह है और उप डाकघर पूर्ववत सुरक्षित रहेगा।

