लखनऊ: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी द्वारा आज यहाँ राजभवन के निकट स्थित विट्ठलेश्वैया प्रेक्षागृह में “विराट कार्यकर्ता सम्मेलन एवं पदाधिकारी बैठक” का भव्य आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं पार्टी सदस्यों ने भारी उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. श्याम नारायण चौबे तथा वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रविंद नारायण सिंह (काशी सिंह) ने की, जबकि संचालन एवं संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक पाण्डेय द्वारा किया गया। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने, बूथ स्तर पर संरचना विकसित करने तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुँचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. श्याम नारायण चौबे ने कहा कि अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी समाज के सभी वर्गों के सम्मान, विकास और सहभागिता के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाएँ और जनता की समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुँचाएँ।
प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक पाण्डेय ने कहा कि पार्टी का संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है और आने वाले समय में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समर्पण, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क पर विशेष बल दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को गाँव-गाँव और वार्ड-वार्ड तक पहुँचाया जाएगा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में पार्टी को स्थापित किया जाएगा। साथ ही संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर, सदस्यता अभियान और जनसमस्याओं के समाधान हेतु विशेष कार्यक्रम चलाने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने “मिशन 2027” को सफल बनाने का संकल्प लिया। उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता से परिपूर्ण इस सम्मेलन ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए स्पष्ट दिशा प्रदान की।
