
धनबाद। मधुबन थाना क्षेत्र के फुलारीटांड स्थित बेनीडीह क्वार्टर में एक आवारा सांड का आतंक लोगों के लिए गंभीर चिंता का कारण बन गया है। शुक्रवार शाम सांड के हमले में 80 वर्षीय चांदो भुइयां की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, चांदो भुइयां शुक्रवार की शाम अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान काले रंग के सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें वहां से हटाया और इलाज के लिए कतरास स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को परिजनों ने दामोदर नदी घाट पर चांदो भुइयां का अंतिम संस्कार किया।
पहले भी कई लोगों पर कर चुका है हमला
ग्रामीणों का दावा है कि यह सांड पिछले कई महीनों से क्षेत्र में घूम रहा है और इससे पहले भी कई लोगों को अपना निशाना बना चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो माह पूर्व सांड ने सेवानिवृत्त कर्मी सियाराम सोनार पर हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सियाराम सोनार की बाद में मौत हो गई थी।
इसके अलावा करीब तीन माह पहले 50 वर्षीय चंदू उरांव पर भी सांड ने हमला कर दिया था। बताया गया कि इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हुए और उनका इलाज अब तक चल रहा है। वहीं, केलू यादव पर हमला कर सांड द्वारा उनका हाथ तोड़ दिए जाने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सांड अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों और राहगीरों पर हमला कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में डर बढ़ता जा रहा है।
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता
सांड के लगातार हमलों के बाद बेनीडीह क्वार्टर के लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि सड़कों और आसपास के इलाकों में सांड के घूमने के कारण अकेले घर से निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। राहगीरों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए सांड को जल्द पकड़ने और सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े।

