बेंगलुरु में आयोजित बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद Sambit Patra ने विपक्षी ‘इंडिया’ (INDI) गठबंधन के वैचारिक और रणनीतिक विरोधाभासों को आड़े हाथों लिया। पात्रा ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने से पहले अपने ही गठबंधन के साझेदारों के साथ बैठकर ईमानदारी से बहस करने और जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की नसीहत दी।
“अरविंद केजरीवाल के साथ पहले डिबेट करें राहुल गांधी”
संबित पात्रा ने राहुल गांधी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि अगर उन्हें डिबेट करने का इतना ही शौक है, तो उन्हें सबसे पहले अपने तथाकथित गठबंधन सहयोगियों के साथ बहस करनी चाहिए। पात्रा ने कहा, “राहुल गांधी कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल उनके दोस्त हैं और वे ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन अभी कल ही राहुल गांधी खुद पंजाब में खड़े होकर यह दावा कर रहे थे कि अगर देश में कोई सबसे भ्रष्ट सरकार है, तो वह पंजाब की अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार है। अब देश यह जानना चाहता है कि सच क्या है?”
बीजेपी सांसद ने तंज कसते हुए कहा, “दिल्ली में मंच पर आते ही दोनों नेता ऐसे बर्ताव करते हैं जैसे सगे भाई हों, लेकिन पंजाब जाते ही वे एक-दूसरे की सरकार को सबसे भ्रष्ट घोषित कर देते हैं। राहुल गांधी को पहले अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ डिबेट करके यह तय करना चाहिए कि वे साथ हैं या अलग-अलग हैं।”
यह भी पढ़ें: Chandni Chowk के पास ढही 3 मंजिला इमारत, 2 की मौत!
मतदाता सूची और SIR के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप
विपक्ष द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर लगातार उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि विपक्षी दल अपनी चुनावी नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। रामलीला मैदान की फ्लॉप रैली इस बात का सबूत है कि देश की जनता ने नकारात्मक और दोहरे रवैये वाली राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संबित पात्रा का यह हमला विपक्षी गठबंधन की उस दुखती रग पर है, जहाँ पंजाब और दिल्ली जैसे राज्यों में कांग्रेस और आप के बीच जमीनी स्तर पर तीखी प्रतिद्वंद्विता बनी हुई है।


