चांदनी चौक के शीश महल इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से हुई मौतों के बाद दिल्ली का सियासी पारा चढ़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने इस हादसे को लेकर रेखा गुप्ता सरकार, दिल्ली नगर निगम (MCD) और प्रशासनिक महकमों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि बार-बार सेफ्टी ऑडिट (सुरक्षा जांच) के आदेशों के बावजूद ऐसी दुखद घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं?
“कई विभागों ने मिलकर वसूली घूस, इसलिए हर महीने हो रहे हादसे”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने लिखा कि चावड़ी बाजार/Chandni Chowk में एक और 3 मंजिला इमारत गिर गई और कई लोग मलबे में दब गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और एमसीडी ने दिल्ली की सभी इमारतों के कई सेफ्टी ऑडिट कराए, लेकिन वास्तविक कार्रवाई करने के बजाय विभिन्न विभागों ने बार-बार रिश्वत बटोरी। यही वजह है कि राजधानी में हर महीने इमारतें गिर रही हैं और बेकसूर लोगों की जान जा रही है।
पिक-एंड-चूज सीलिंग और विभागों पर मिलीभगत का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आरोप को और आगे बढ़ाते हुए कहा कि पहले केवल पुलिस और एमसीडी पर इस तरह के आरोप लगते थे, लेकिन अब दमकल विभाग और राजस्व विभाग (SDM) भी इस खेल में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग घूस देने से इनकार करते हैं, उनकी इमारतों को एमसीडी द्वारा तुरंत सील कर दिया जाता है। अपने दावों के समर्थन में उन्होंने साउथ जोन और जीके-2 मार्केट के व्यावसायिक परिसरों का उदाहरण देते हुए भेदभावपूर्ण प्रवर्तन (Pick and Choose enforcement) की कार्रवाई पर कड़े सवाल खड़े किए।
यह भी पढ़ें: ‘युवाओं के पास रोजगार नहीं होगा तो बढ़ेगा नशा और गैंगस्टरवाद’ -Rahul Gandhi

