23 नवंबर को STG आउटसोर्सिंग में आर-पार की लड़ाई? मासूम खान के बंदी ऐलान के खिलाफ एकजुट हुए मजदूर, बोले—रोजगार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!
बाघमारा (धनबाद): कोयलांचल के बाघमारा क्षेत्र में STG आउटसोर्सिंग कंपनी को लेकर मजदूरों के बीच घमासान की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। जनता श्रमिक संघ के केंद्रीय संगठन सचिव एवं छाताबाद निवासी मासूम खान ने आगामी 23 नवंबर को कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन बंदी का ऐलान किया है। वहीं, दूसरी ओर कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने इस बंदी के विरोध में मोर्चा खोलते हुए साफ कर दिया है कि वे किसी भी कीमत पर कंपनी का काम बंद नहीं होने देंगे।
बंदी के ऐलान के बाद STG आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपना पक्ष रखा। मजदूरों का कहना है कि कंपनी में काम करने वाले श्रमिकों को कंपनी से फिलहाल कोई शिकायत नहीं है। ऐसे में अचानक बंदी का ऐलान होने से सैकड़ों मजदूरों और उनके परिवारों के सामने रोजगार तथा रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
मजदूरों ने मासूम खान से पूछे तीखे सवाल
प्रेस वार्ता में मजदूरों ने मासूम खान की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई कहां थी? मजदूरों का आरोप है कि अब सत्ता से दूर होने के बाद उन्हें मजदूरों का दुख-दर्द याद आने लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मजदूरों को आंदोलन का माध्यम बनाना उचित है?
मजदूरों ने यह भी कहा कि छाताबाद में भू-धंसान की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने लगभग 20 दिनों तक कंपनी बंद रखी थी। उस दौरान मासूम खान की मौजूदगी को लेकर भी मजदूरों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि लड़ाई वास्तव में छाताबाद के लोगों के अस्तित्व और अधिकारों की है, तो उसमें सभी प्रभावित लोगों की आवाज को समान महत्व मिलना चाहिए।
मजदूरों की दो टूक—हमारी रोजी-रोटी का सवाल है
मजदूरों ने एक स्वर में कहा कि कंपनी में सैकड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। कंपनी बंद होने से केवल कामकाज प्रभावित नहीं होगा, बल्कि मजदूरों के घरों का चूल्हा भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 23 नवंबर को यदि कोई कंपनी बंद कराने पहुंचता है तो मजदूर लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेंगे।
अब 23 नवंबर पर टिकी सबकी निगाहें
एक तरफ मासूम खान ने अनिश्चितकालीन बंदी का ऐलान किया है, तो दूसरी तरफ कंपनी के मजदूरों ने काम जारी रखने का संकल्प जताया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि 23 नवंबर को STG आउटसोर्सिंग में क्या स्थिति बनेगी? क्या दोनों पक्ष बातचीत से कोई रास्ता निकालेंगे या फिर मजदूरों और आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा होगी?
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल मजदूरों के रोजगार, स्थानीय ग्रामीणों के अधिकार और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का है। प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और सभी पक्षों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिले।
अब देखना यह है कि 23 नवंबर को STG आउटसोर्सिंग में संघर्ष का रास्ता चुना जाएगा या संवाद से निकलेगा समाधान।


