नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले राजनीति का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वह खुद और उनका परिवार इस प्रोटेस्ट में शामिल होने जा रहा है।
“ज्ञानेश कुमार का खेल खुलेआम चल रहा है”
न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि देश के जनतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। केजरीवाल ने आरोप लगाया, “जिस तरह से भारी संख्या में लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, जो बीजेपी को वोट नहीं देता, उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए जाते हैं और फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं, यह सब खुलेआम चल रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यह खेल अब जनता के सामने आ चुका है।”
इस्तीफे की मांग और जनता से अपील
आप संयोजक ने कड़े शब्दों में कहा कि इसी तानाशाही रवैये के खिलाफ पूरा देश अब ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्होंने देश की जनता से अपील की है कि वे भारी संख्या में दिल्ली पहुंचें और इस व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन ने दिल्ली की सुरक्षा कड़ी कर दी है और बॉर्डर सील कर दिए हैं, वहीं केजरीवाल के इस ऐलान से सियासी घमासान और ज्यादा तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में CJP के प्रस्तावित आंदोलन से पहले हाई अलर्ट! आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने की तैयारी


