एसडीएम-सीओ ने उतारी बजरंगबली की आरती, 100 से अधिक वॉलंटियरों की सेवा को मिला सम्मान
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- ऐतिहासिक प्रतापगढ़ रोड स्थित सिद्धपीठ दौलतिया हनुमान मंदिर पर बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की सड़कों तक हर तरफ भक्तों की कतारें नजर आईं और पूरा वातावरण “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर संकटमोचन के दर्शन किए और रोट, हलवा व लड्डू का प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बुढ़वा मंगल के अवसर पर नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसके अलावा विभिन्न मोहल्लों से डीजे और भक्ति गीतों के बीच एक दर्जन से अधिक आकर्षक हनुमान जी की झांकियां व चौकियां निकाली गईं। झांकियों के दर्शन के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। झांकियों और चौकियों के दौलतिया हनुमान मंदिर पहुंचते ही मेले की रौनक और बढ़ गई। मंदिर के पुजारी राम निरंजन यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बजरंगबली का भव्य शृंगार कराया और विधि-विधान से आरती संपन्न कराई। इसी दौरान एसडीएम अजय उपाध्याय और सीओ प्रतिमा वर्मा ने मंदिर पहुंचकर हनुमान जी की आरती उतारी। दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र की सुख-शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। मेले में उमड़ी भारी भीड़ को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने में मेला महासमिति के अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता (पिंटू) के नेतृत्व में 100 से अधिक वॉलंटियरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक सेवादार निस्वार्थ भाव से व्यवस्था संभालते रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार सक्रिय रहे। वॉलंटियरों की इस सराहनीय सेवा को देखते हुए एसडीएम अजय उपाध्याय और सीओ प्रतिमा वर्मा ने सभी सेवादारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बुढ़वा मंगल मेले की सुरक्षा व्यवस्था और सफल संचालन में एसडीएम अजय उपाध्याय, सीओ प्रतिमा वर्मा, थाना प्रभारी अश्वनी दूबे, मेला महासमिति अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता (पिंटू) सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन क्रांति गुप्ता कपूर और रंजीत गुप्ता ने किया।
श्रद्धा, भक्ति, सेवा और प्रशासनिक व्यवस्था के बेहतर समन्वय से दौलतिया हनुमान मंदिर का बुढ़वा मंगल मेला शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हुआ।

