खुटहन, जौनपुर। ग्रामीण युवाओं को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वावलंबन से जोड़ने की पहल के तहत सोमवार को खुटहन में जन स्वास्थ्य परामर्श सहायता एवं चिकित्सा प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया।
जौनपुर रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी के समीप खुले केंद्र का उद्घाटन पूर्व सांसद उमाकांत यादव के पुत्र एवं समाजसेवी दिनेश कांत ने फीता काटकर किया। इस दौरान संस्था की ओर से चयनित 11 युवक-युवतियों को नियुक्ति सह प्रशिक्षण पत्र भी वितरित किए गए।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम और आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष शिवम यादव ने बताया कि केंद्र पर चयनित युवाओं को तीन माह का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें आयुर्वेद, होम्योपैथी और एलोपैथी की मूलभूत जानकारी के साथ प्राथमिक उपचार एवं जन स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं का प्रशिक्षण शामिल है।
केंद्र के संचालक प्रो. डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रशिक्षित सहायकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से युवाओं को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार और समाजसेवा के लिए तैयार किया जाएगा।
मुख्य अतिथि दिनेश कांत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिले तो वे अपने पैरों पर खड़े होने के साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने संस्था की पहल को सराहनीय बताया।
इस मौके पर संतोष कुमार, जगदीश कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


