धनबाद | 21 जुलाई 2026
धनबाद की भूदा बस्ती की रहने वाली दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने 582 अंक, 99.1375 परसेंटाइल तथा ऑल इंडिया रैंक 16,972 प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा आर्थिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।
पूनम ने अपनी प्रारंभिक सफलता की नींव एसएसएलएनटी सीएम उत्कृष्ट गर्ल्स विद्यालय (सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) से रखी। इससे पहले वह सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर धनबाद जिला टॉपर भी रह चुकी हैं। उनके पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि माता पीपू देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक चुनौतियों के बीच भी पूनम ने निरंतर मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की।
इस प्रेरणादायक सफलता पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने समाहरणालय में पूनम को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि जिला प्रशासन पूनम की मेडिकल शिक्षा में हरसंभव सहयोग करेगा, ताकि वह डॉक्टर बनकर समाज की सेवा कर सके।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं और जिला प्रशासन के प्रयासों का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूनम जैसी छात्राओं की सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
पूनम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा विद्यालय के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सीबीएसई आधारित पढ़ाई और बेहतर शैक्षणिक वातावरण ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सपना भविष्य में कार्डियोलॉजिस्ट बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
धनबाद जिला प्रशासन द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल तैयार करने की यह पहल जिले में शिक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पूनम की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे धनबाद के लिए गर्व का विषय है और यह संदेश देती है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और प्रशासनिक सहयोग से हर सपना साकार किया जा सकता है।

