सुलतानपुर। अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स सभागार में आगामी त्योहारों नवरात्र, दशहरा और दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी की अध्यक्षता की। गोष्ठी में पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जुलूस और शोभायात्रा मार्गों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
ADG प्रवीण कुमार ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान जनसामान्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी क्षेत्र में निरंतर भ्रमण कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर विशेष सतर्कता बरतने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए। ADG ने कहा कि किसी भी स्थिति में पुलिस बल को तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने धार्मिक स्थलों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, स्थानीय आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु पुलिस बल को पूर्ण रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए।


