अनशनकारियों को जूस पिलाकर तुड़वाया आमरण अनशन, समाधान हेतु राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजा जाएगा मांगपत्र
जौनपुर।बक्शा एवं सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर बीते 13 जून से ब्लॉक परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता अमरनाथ साथी एवं क्षेत्रवासियों को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
समस्या के समाधान हेतु सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक व पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अनशनकारियों से भेंट कर स्थिति की जानकारी ली। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी दिनेश चंद्र से वार्ता कर मांगपत्र सौंपा और ट्रेनों के ठहराव की मांग को गंभीरता से उठाया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की इस जायज़ मांग को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाया जाएगा और ट्रेनों के ठहराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य श्याम बहादुर पाल ने भी विभागीय स्तर पर प्रयास कर जल्द निराकरण कराने की बात कही।
गौरतलब है कि बक्शा और सरायहरखू रेलवे स्टेशन क्षेत्र में करीब 70 गांव और 10 प्रमुख बाजार आते हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग एक लाख है। इन इलाकों से बड़ी संख्या में लोग व्यवसाय, शिक्षा और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन ट्रेनों के ठहराव न होने से क्षेत्रीय जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अनशनकारियों ने मांग की कि बक्शा स्टेशन पर शटल ‘वरुणा’ एक्सप्रेस और मेमो एक्सप्रेस, तथा सरायहरखू स्टेशन पर फरक्का व गंगा-जमुना एक्सप्रेस का ठहराव आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल की पहल पर जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी (बक्शा) मौके पर पहुंचे और अनशनकारियों से मांगपत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान अनशनकारी अमरनाथ साथी ने कहा कि यदि तीन महीने के भीतर ठहराव की मांग पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन को फिर से मजबूती से खड़ा किया जाएगा।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राज बहादुर यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव, जिला सचिव गुलाब यादव रीठी, प्रदीप पाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

