*घटनास्थल पर बाइक चालक की मौत तो दूसरे ने उपचार हेतु ले जाते समय तोड़ा दम*
*बाइक चालक के दादा की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज*
सुइथाकला। क्षेत्र के लखनऊ बलिया राजमार्ग पर बड़ौना पानी की टंकी के पास सुइथाकला मोड़ पर रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप घायल हो गए। जिसमें जहां बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरे बाइक बाइक सवार ने भी उपचार हेतु जाते समय रास्ते में दम तोड दिया।वहीं घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है । मृतक बाइक चालक के दादा की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुइथाकला गांव निवासी शुभम् ऊर्फ भोंदू 16पुत्र विनोद व सतीश गौतम ऊर्फ अंकुर 15पुत्र लक्ष्मन बाइक द्वारा रूधौली बाजार गए हुए थे। वापसी के दौरान बाजार से निमंत्रण का सामान लेकर बेटे संग साइकिल पर सवार होकर घर आ रही संगीता 40पत्नी अरविंद कुमार रास्ते में बाइक पर सवार हो गयी। वापसी में जैसे ही बाइक उक्त मोड़ पर गांव की तरफ मुड़ी कि पीछे से आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस की चपेट में आ गई । टक्कर इतना जोरदार था कि बाइक दाहिनी पटरी से बाएं की तरफ रगड़ते हुए चली गई।चालक शुभम की जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक सवार महिला और दूसरा बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो उठा।उधर घटना के बाद बस चालक बस समेत फरार हो गया। मौके पर पुलिस के अलावा लोगों का मौके पर जमावड़ा सा हो गया। आनन-फानन में घायलों को उपचार हेतु स्थानीय सीएचसी भेजा गया, जहां दोनों घायलों को चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर लोगों का आक्रोश इतना बढ़ा कि एक बार तो लखनऊ बलिया राजमार्ग पर वाहनों का पहिया जाम सा हो गया। फिलहाल भारी मशक्कत के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेने में कामयाब हो सकी। उधर घायल दूसरा बाइक सवार सतीश भी उपचार के दौरान ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि घायल महिला संगीता का उपचार अस्पताल चल रहा है।मामले में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज कर बाइक चालक के दादा पुन्नवासी गौतम की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

