वनटांगिया ग्राम खुर्रमपुर पहुंचे जिलाधिकारी।
ग्राम चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या, दिए निस्तारण के निर्देश।
वनटांगिया लोग हैं मा. मुख्यमंत्री के दिल के करीब: जिलाधिकारी
वनटांगिया ग्रामों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संतृप्त करना सर्वोच्च प्राथमिकता: जिलाधिकारी
महराजगंज, 22 जून 2023, जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा वनटांगिया ग्राम खुर्रमपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिया।।
जिलाधिकारी महोदय दोपहर में वनटांगिया ग्राम खुर्रमपुर पहुंचे। जिलाधिकारी महोदय प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर में चौपाल करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और एसओसी, एसडीओ वन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश दिया। जिलाधिकारी महोदय ने उच्च प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर के निर्माण की गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर समिति गठित कर जांच का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने आयुष्मान योजना के 05 स्थानीय लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड का वितरण किया।
जिलाधिकारी महोदय ने लेखपाल, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा आदि का नाम लेकर ग्रामीणों से गांव में उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने उनके नियमित रूप से गांव में आने की बात स्वीकार की। जिलाधिकारी महोदय ने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जानने के साथ उनसे सरकार की योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आप लोग मा. मुख्यमंत्री जी के प्रिय लोगों में शामिल हैं। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि आप लोगों की हर एक समस्या का समाधान हो। इसीलिए आज मैं खुद जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ उपस्थित हुआ हूं। अगर कोई समस्या है तो निःसंकोच होकर बताएं। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि वनटांगिया गांवों को विभिन्न योजनाओं से संतृप्त करने के काम पीछे भी हुए हैं और आगे भी अभियान चलाकर वनटांगिया गांवों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा।
इससे पूर्व जिलाधिकारी महोदय ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण का संदेश दिया और सभी लोगों से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का अनुरोध किया। कहा कि सभी लोग कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम जरूर लगाएं और उसकी सेवा करें। इससे पूर्व जिला विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान आदि लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी महोदय का स्वागत किया।
बैठक में सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला, डीडीओ श्री बी.एन. कन्नौजिया, एसडीएम श्रीमती प्रतीक्षा त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी श्री विपिन श्रीवास्तव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री कन्हैया यादव, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

