जौनपुर | सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार गिरधरपुर गांव में मंगलवार की देर रात करंट की चपेट मे आने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना तब हुई जब युवक रात के अंधेरे में निजी स्तर पर बिजली व्यवस्था को ठीक कर रहा था। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सिद्दीकपुर चौराहे के समीप इकठ्ठा होकर बुधवार को दिन में करीब आधे घंटे के लिए सड़क जाम किया। कोठवार घनघनुवा गांव निवासी दयाराम का पुत्र 28 वर्षीय गुलशन निजी तौर पर बिजली से जुड़ा काम करता था। मंगलवार की रात दस बजे वह पास के गांव गिरधरपुर गया था।
जहां वह जंफर जोड़ने का कार्य कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि गुलशन जंफर जोड़ते समय अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसका एक हाथ बुरी तरह झुलस गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, बुधवार की सुबह हादसे की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया है कि युवक को करंट लगा जिससे वह बुरी तरह झुलस गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

