मुंबई. आर के पब्लिकेशन मुंबई तथा आई टी एम काव्योत्सव द्वारा आयोजित समारोह में 3अगस्त 2025, रविवार को डॉ. सुषमा श्रीवास्तव की प्रथम काव्य कृति यादों की धरोहर का लोकार्पण आई टी एम कॉलेज, खारघर के भव्य सभागार में रुइया कॉलेज माटुंगा के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ प्रवीण चंद्र बिष्ट, लेखक फतेह बहादुर सिंह, ताराचंद मकसाने, कवि विजय भटनागर,वरिष्ठ पत्रकार व लेखक राजेश विक्रांत, अग्निशिखा मंच की अध्यक्ष अलका पांडेय,गोविंद करनानी तथा प्रकाशक रामकुमार जी के हाथों सम्पन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में पुस्तक पर चर्चा करते हुए डॉ बिष्ट ने इसे संवेदना का दस्तावेज बताते हुए श्रृंगार की श्रेष्ठ कृति कहा। राजेश विक्रांत ने सहज और सरल भाषा में अपनी भावनाओं को कलमबद्ध करने के लिए लेखिका को बधाई दी और निरंतर लिखने के लिए प्रेरित किया। अलका पांडेय ने इसे महिलाओं की अनुभूतियों की साझा अभिव्यक्ति कहा।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कवियों ने कविता पाठ किया। जिसमें दिलीप ठक्कर ,डाॅ सुरेन्द्र प्रसाद गांई,अनिल पुरबा,हनिफ मोहम्मद,वंदना श्रीवास्तव, अनिल कुमार चंचल , चंद्रिका व्यास, दीपाली सक्सेना , मदन गोपाल गुप्ता आदि प्रमुख थे।
कार्यक्रम का संचालन सेवा सदन प्रसाद ने तथा गोविंद करनानी ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।
आर के पब्लिकेशन समूह के निदेशक रामकुमार ने लेखिका का स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सम्मान किया। इस कार्यक्रम में नवी मुंबई के बड़ी संख्या में कवि एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।

