जौनपुर। रविवार सुबह रामपुर थाना क्षेत्र के यादव नगर तिराहे के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विंध्याचल से दर्शन-पूजन कर लौट रहे एक ही परिवार की बोलेरो ट्रक से जा टकराई। भीषण टक्कर में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर जनपद के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के पालीपट्टी गांव से एक परिवार शनिवार को विंध्याचल मंदिर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गया था। रविवार की सुबह लौटते समय जौनपुर के रामपुर क्षेत्र के यादव नगर तिराहे के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
मृतकों की पहचान
मृतकों में आलोक (38) निवासी पाली पट्टी, फूला देवी (70) निवासी जयनपुर, और गुड़िया वर्मा (32) निवासी पाली पट्टी शामिल हैं। सभी अंबेडकर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
तीन लोग घायल
घायलों में अभिराट (20), मंजू वर्मा (40) और सुभाष वर्मा (30) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल अभिराट को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य दो को भदोही स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक मोड़ पर अनियंत्रण होने से वाहन खड़े ट्रक में जा घुसा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

