धनबाद | 27 मार्च 2026 | रिपोर्ट
रामनवमी के दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में हुई घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। देर रात उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने क्षेत्र में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्थानीय हालात को समझा। प्रशासन के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात को नियंत्रित कर लिया गया था। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
जांच तेज, दोषियों पर कार्रवाई तय
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा गया है।
वरीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, डीएसपी शंकर कामती, अरविंद कुमार सिंह तथा सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष सत्यम सहित कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

