धनबाद | पुटकी
धनबाद जिले के पुटकी क्षेत्र अंतर्गत करकेंद टीओपी के पीछे स्थित जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला डिपो संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि उक्त क्षेत्र में लंबे समय से जंगल की आड़ में अवैध कोयले का बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा है। आरोप के अनुसार, रात्रि के समय ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों के माध्यम से इस कोयले को विभिन्न भट्टों और मंडियों तक पहुंचाया जाता है। पत्र में यह भी दावा किया गया है कि यह गतिविधि खुलेआम संचालित होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
रत्नेश कुमार ने अपने पत्र में प्रश्न उठाया है कि यदि आरोप सही हैं तो इतना बड़ा अवैध कारोबार किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और प्रशासन की छवि भी प्रभावित हो सकती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है।
डीजीपी से भेजे गए पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

