लखनऊ। राजधानी के मदेयगंज थाना क्षेत्र में व्यापारियों को सस्ते सामान का झांसा देकर लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। एडीसीपी सेंट्रल ज़ोन जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में और एसीपी महानगर अंकित कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई रकम में से 1.92 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरोह का एक सदस्य फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना 20 जुलाई 2026 की सुबह की है। मुंशीपुलिया निवासी डिस्पोजल व्यापारी महेंद्र कुमार के पास एक अज्ञात व्यक्ति आया और खुद को चौक का बड़ा व्यापारी बताकर पक्का पुल के पास बाजार से काफी सस्ते दामों पर दोना-पत्तल और क्रॉकरी दिलाने का लालच दिया। सस्ते दाम के चक्कर में महेंद्र 2.50 लाख रुपये नकद लेकर तय स्थान पर पहुंचे।
आरोपी ने उन्हें बंधा रोड स्थित रूमी ज़री के पास सुनसान जगह पर बुलाया। जैसे ही महेंद्र ने मोटरसाइकिल की डिग्गी से रुपये निकाले, पहले से घात लगाए दो अन्य बदमाश आए और तीनों ने मिलकर रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी मध्य के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 21 जुलाई को सुबह 11:30 बजे गोमती नदी किनारे पक्का पुल के नीचे घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया।
*गिरफ्तार अभियुक्त:*
1. सोहन शेख 38 वर्ष, निवासी मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, हाल पता बवाना, दिल्ली
2. सोहेल 29 वर्ष, निवासी मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल
3. राकिब 28 वर्ष, निवासी उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्यापारियों को सस्ते माल का झांसा देकर सुनसान जगह बुलाकर लूट करते थे। पुलिस के पहुंचने पर चौथा आरोपी अनवार रुपये की गड्डी लेकर भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मु०अ०सं० 0096/2026 धारा 309(2), 317(2) BNS में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
