अखंड राष्ट्र
गोमती दर्शन संस्था द्वारा संचालित “एक विद्यार्थी, एक वृक्ष, एक संरक्षक” अभियान के अंतर्गत आज विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी, कठवारा, बख्शी का तालाब में वृक्षारोपण एवं जल-संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गोमती दर्शन के संयोजक अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं अध्यक्ष श्वेता सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि “वृक्ष वर्षा को केवल आकर्षित नहीं करते, बल्कि वर्षा चक्र को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
इस अवसर पर गोमती दर्शन यात्रा का भी उल्लेख किया गया। यह पदयात्रा पीलीभीत के माधोटांडा स्थित फुलहर झील/गोमती उद्गम स्थल से प्रारंभ होकर शाहजहाँपुर, लखीमपुर, सीतापुर होते हुए लखनऊ तक पहुंची थी। यात्रा का नेतृत्व गोमती दर्शन के संयोजक अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं अध्यक्ष श्वेता सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधक आलोक कृष्ण द्वारा अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं श्वेता सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के साथ वृक्षारोपण भी किया गया।
“एक विद्यार्थी, एक वृक्ष, एक संरक्षक” अभियान के अंतर्गत प्रारंभिक चरण में पांच विद्यार्थियों को वृक्ष प्रदान कर उन्हें अपने-अपने वृक्ष का संरक्षक बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि आने वाले समय में विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी वृक्ष उपलब्ध कराए जाएंगे।
विद्यालय के प्रबंधक आलोक कृष्ण एवं प्रधानाचार्या सुरम्या सिंह ने विद्यार्थियों को जल, नदियों, वृक्षों और पर्यावरण के महत्व को समझाते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

