उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने Delhi में हुए INDIA ब्लॉक के मार्च को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है। राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और अन्य नेताओं से काफी पीछे खड़े नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को लेकर राजभर ने तंज कसते हुए पूछा कि Delhi में पिछलग्गू बनकर घूमने में मजा आया या नहीं?
‘ठगबंधन में आपकी असली हैसियत सबके सामने आ गई’
ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख को आड़े हाथों लिया और लिखा कि ‘ठगबंधन’ में अखिलेश यादव की असली हैसियत उनके दिल्ली वाले मतलबी दोस्तों ने सबके सामने ला दी है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि ऐसा लग रहा है मानो उन्हें बाराती वाले ट्रैक्टर पर जबरिया ठूंस दिया गया हो और वे बारात में किसी नाराज फूफा जी की तरह नजर आ रहे हों।
‘चुनाव यूपी में है और आप Delhi की दौड़ लगा रहे हैं’
सुभासपा प्रमुख ने आगे कहा कि कुर्सी की चाहत रखने वाले लोग आज दरी बिछाने में लगे हैं और नैया की पतवार बड़े भैया राहुल गांधी के हाथ में चली गई है। राजभर ने सवाल उठाया कि चुनाव उत्तर प्रदेश में है, लेकिन अखिलेश यादव Delhi की दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरे की बारात में कब तक सहबाला बनकर घूमते रहेंगे महाराज?
यह भी पढ़ें: अमित शाह की चुप्पी टूटने पर प्रमोद तिवारी का तंज, बोले- Congress अब वापसी की राह पर
‘सत्ताइस में सपा साफ होने जा रही है’
राजभर ने दावा किया कि दिल्ली वाले मतलबी दोस्तों से अखिलेश यादव को सिवाय तिरस्कार के कुछ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह वे दिल्ली की भीड़ में पीछे छूट गए, उसी तरह इस बार उत्तर प्रदेश में भी विपक्ष की भीड़ में उनका पता नहीं चलेगा। राजभर ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालातों से यह साफ है कि ’27 में सपा साफ’ होने जा रही है।


