कैथरडीह जंगल में कार्रवाई से मचा हड़कंप, मशीनें और खनन उपकरण जब्त; BCCL के 13 संवेदनशील स्थलों पर भी चला अभियान
धनबाद। कोयलांचल में अवैध कोयला खनन, चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अभियान तेज कर दिया है। BCCL के एरिया-12 अंतर्गत बसंतीमाता क्षेत्र के कैथरडीह जंगल में कार्रवाई के दौरान CISF ने 51 विस्फोटक और 39 डेटोनेटर बरामद किए हैं। मौके से ट्रैक्टर, कंप्रेसर मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और खुदाई में इस्तेमाल होने वाली मशीन भी जब्त की गई है। अभियान के दौरान मिले 24 संदिग्ध मजदूरों को कालूबथान पुलिस के हवाले किया गया।
कैथरडीह जंगल में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी ने अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगल क्षेत्र में अवैध खनन के लिए मशीनों और विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका के बीच CISF की कार्रवाई को कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
CISF मुख्यालय से निगरानी, रोजाना हो रही कार्रवाई की समीक्षा
बताया जा रहा है कि अवैध कोयला खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर CISF DIG मुख्यालय स्तर से निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों की ओर से अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और अभियान की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
BCCL के एरिया-12 के अंतर्गत चिरकुंडा, पंचेत और कालूबथान थाना क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन की गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। डुमरीजोड़, लुचीबाद, कारगिल, पलिसया, कैथरडीह और जामदेही समेत कई इलाकों में अवैध खनन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कैथरडीह जंगल में विस्फोटक सामग्री और खनन उपकरणों की बरामदगी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।
BCCL के 13 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी और तलाशी
28 नवंबर को CISF ने BCCL के विभिन्न क्षेत्रों में 13 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आकाशकिनारी स्थित सलानपुर परियोजना के समीप से 670 किलो अवैध कोयला जब्त किया गया।
वहीं, बरौरा क्षेत्र में दो, महुदा में एक और निचितपुर में एक अवैध खनन मुहाने एवं रास्ते को भरकर बंद कराया गया। बसंतीमाता क्षेत्र के कैथरडीह जंगल में भी अवैध खनन से जुड़े छह कुआंनुमा मुहानों को भरने की कार्रवाई की गई।
सिजुआ क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी, 133 वाहनों की जांच
अवैध खनन और कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए CISF ने सिजुआ क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से खदानों एवं संवेदनशील स्थलों की निगरानी की। वहीं, अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में नाकेबंदी कर 133 वाहनों की जांच की गई।
CISF की ओर से अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।
अवैध कोयला कारोबारियों पर भी नजर, पुराने मामलों की जांच जारी
CISF की टीम अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों और गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
इससे पहले भी डुमरीजोड़, लुचीबाद और कारगिल क्षेत्र में छापेमारी के दौरान ट्रैक्टर, मशीन और मोटरसाइकिल समेत विभिन्न सामान जब्त कर पंचेत थाना को सौंपे गए थे। उन मामलों में भी जांच जारी है।
कोयलांचल में अवैध खनन के खिलाफ CISF की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच दबाव बढ़ने की संभावना है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि बरामद विस्फोटक सामग्री, जब्त उपकरण और हिरासत में लिए गए लोगों से जुड़े मामलों में आगे क्या कार्रवाई होती है।


