मुंबई। आगामी 17 और 18 जून को मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित मुक्ति ऑडिटोरियम में दो दिवसीय वाग्धारा कला महोत्सव आयोजित किया गया है। इस समारोह का समापन महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री रमेश बैस करेंगे। जबकि महोत्सव का उद्घाटन वाग्धारा के संस्थापक डॉ ठाकुरदास दिनकर, उड़ीसा के डीजीपी क्राइम अरुण बोथरा व शिक्षाविद अजय कौल की उपस्थिति में होगा।
इस समारोह में
विशेष अतिथि के रूप में रूमी जाफरी (लेखक-निर्देशक) सीमा बिस्वास (अभिनेत्री), अखिलेंद्र मिश्रा (अभिनेता),
मुकेश छाबड़ा (कास्टिंग डायरेक्टर),अशोक बांठिया (अभिनेता), उपस्थित रहेंगे और अभिनय से जुड़े विभिन्न विषयों पर मास्टर क्लास लेंगे।
ग्रेटर नोयडा की प्रख्यात कथक नृत्यांगना दुर्गेश्वरी सिंह महक की नृत्य प्रस्तुतियां होंगी।
इस कला महोत्सव के विशेष आकर्षण के तौर पर हिंदी नाटक कर्ण व रंगभूमि का मंचन किया जाएगा। कर्ण का निर्देशन कुलविंदर बख्शीश ने किया है जबकि मुंशी प्रेमचंद के नाटक रंगभूमि के निर्देशक सुरेंद्र शर्मा हैं।इसके साथ ही विनोद दुबे (लोक गायक) व
सरोज सुमन (गायक) गीत-संगीत की महफ़िल सजाएंगे। यहां आयोजित कवि सम्मेलन में किशोर कुमार कौशल व अन्य कवि अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। दो दिन चलने वाला यह महोत्सव 17 और 18 जून को दोपहर 2 बजे से रात को 9 बजे तक चलेगा। वाग्धारा कला महोत्सव के स्वागत अध्यक्ष मशहूर कला निर्देशक जयंत देशमुख हैं। वाग्धारा के अध्यक्ष वागीश सारस्वत के मुताबिक कंचन अवस्थी, विमल मिश्र, रवि यादव, अरुण शेखर, देव फौजदार, नंदकिशोर पंत , नरेंद्र कोठेकर, नंदिनी माजी शर्मा व भार्गव तिवारी आयोजन समिति के सदस्य हैं। इस समारोह में रंग मंच की सेवा के लिए राष्ट्र सेवा सम्मान विभिन्न विभूतियों को प्रदान किया जाएगा।
रूमी जाफरी के भोपाल के टप्पे, भारतीय सिनेमा में अभिनेत्री की मौजूदगी, अभिनय और आध्यात्म के साथ ही टीवी और सिनेमा में जीवन के अनुभव विषयों पर परिचर्चा आयोजित की गई है। इस समारोह में डॉ मुस्तफा अली गोम व लेखक रूमी जाफरी की पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *