लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अंगद का पांव’ वाले बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।” अखिलेश का यह बयान यूपी की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
अमित शाह ने BJP सरकार को बताया ‘अंगद का पांव’
दरअसल, लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को ‘अंगद का पांव’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार इतनी मजबूत है कि उसे कोई हिला नहीं सकता।
इसके साथ ही अमित शाह ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।
अखिलेश यादव ने एक लाइन में दिया जवाब
अमित शाह के बयान पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।” उनका यह तंज अमित शाह के यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर UCC लागू करने के ऐलान को लेकर था।
अखिलेश यादव ने इस दौरान भाजपा पर अन्य मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने विधान परिषद चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए भाजपा की चुनावी रणनीति और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
2027 से पहले UCC बना सियासी मुद्दा
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले UCC का मुद्दा राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। भाजपा जहां इसे आगामी सरकार के एजेंडे के रूप में पेश कर रही है, वहीं अखिलेश यादव ने इसके ऐलान के समय को लेकर तंज कसा है।
अमित शाह के बयान और अखिलेश यादव के पलटवार के बाद प्रदेश की राजनीति में दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में UCC और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच यह बहस किस दिशा में आगे बढ़ती है।


