लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। इसी बीच समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर भाजपा पर निशाना साधा है। पोस्ट में मथुरा, लखनऊ, प्रयागराज, काशी और अयोध्या का जिक्र करते हुए 2027 में PDA सरकार बनने का दावा किया गया है।
सपा मीडिया सेल ने पोस्ट के जरिए साधा निशाना
समाजवादी पार्टी मीडिया सेल की ओर से साझा पोस्ट में लिखा गया, “मथुरा हारे, लखनऊ हारे, हारे प्रयागराज, अब काशी भी हारे, अयोध्या भी हारे थे ये राक्षसराज, भाजपा का हो गया बंटाधार, अब बनेगी 2027 में PDA सरकार।”
इस पोस्ट के जरिए सपा ने भाजपा पर राजनीतिक तंज कसते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का दावा किया है। पार्टी का यह संदेश हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद सामने आया है।
MLC चुनाव के नतीजों के बाद सपा का संदेश
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कई सीटों पर जीत दर्ज की है। लखनऊ स्नातक सीट से कांति सिंह और वाराणसी शिक्षक सीट से लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की। वहीं वाराणसी स्नातक सीट से आशुतोष सिन्हा की जीत भी सपा के लिए महत्वपूर्ण रही।
इन नतीजों के बाद सपा नेताओं और समर्थकों की ओर से भाजपा के खिलाफ राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल रही है।
2027 के लिए PDA पर सपा का फोकस
समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को अपनी राजनीति के केंद्र में रख रही है। अखिलेश यादव लगातार PDA की भागीदारी और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठा रहे हैं।
पार्टी की ओर से 2027 में सरकार बनाने का दावा किया जा रहा है। वहीं भाजपा भी लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने की बात कह रही है।
अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के दावों और राजनीतिक रणनीतियों का क्या असर देखने को मिलता है। फिलहाल MLC चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर जारी है।


