छठ पूजा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने जारी किए सख्त निर्देश; खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, गोताखोर और मेडिकल टीम तैनात
धनबाद, 12 नवंबर 2026। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार आदित्य रंजन ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और छठ पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग
उपायुक्त ने धनबाद नगर निगम, चिरकुंडा नगर परिषद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में खतरनाक घाटों एवं जलाशयों की पहचान करने का निर्देश दिया है। ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेत लगाने के साथ पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की तैनाती की जाएगी।
नदी और जलाशयों के पास पटाखों की बिक्री पर रोक
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते तथा आपातकालीन वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने को कहा है।
गोताखोरों और मेडिकल टीमों की रहेगी तैनाती
प्रमुख छठ घाटों और नदियों पर कुशल गोताखोरों एवं मत्स्य मित्रों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। वहीं, सिविल सर्जन को घाटों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
रोशनी से जगमग होंगे घाट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को दी गई है। इसके अलावा जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती
वरीय पुलिस अधीक्षक को भीड़भाड़ वाले घाटों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों और छठ पूजा समितियों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य की उपासना और छठ महापर्व संपन्न कर सकें।


