कतरास में दुर्गा पूजा मेले की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, थानेदार प्रवीण कुमार ने जवानों को दिए दिशा-निर्देश
कतरास। दुर्गा पूजा मेले के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कतरास पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में थाना प्रभारी ने जवानों को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा के दर्शन कर सकें, इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कतरास क्षेत्र में 24 घंटे चल रहे मेले को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूजा पंडालों में दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए मेले का आनंद लें तथा मां दुर्गा के दर्शन करें। किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कतरास पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहार के दौरान आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना और सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
बैठक में ये पुलिसकर्मी रहे मौजूद: सहायक निरीक्षक मनोज कुमार, दुर्गेश सिंह, सोनू प्रसाद, पवन तिर्की, सत्येंद्र यादव, अवर सहायक निरीक्षक शैलेश कुमार, रोशन मिंस, गौतम कुमार, कर्म देव प्रजापति सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।


