मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, फेक न्यूज से बचने और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की अपील
धनबाद, 27 जून 2026।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला निर्वाचन शाखा, धनबाद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी दलों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर शीघ्र BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) की नियुक्ति कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और निर्वाचन प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से बीएलओ (BLO) द्वारा किए जा रहे घर-घर सत्यापन एवं प्रगणक कार्य को गति मिलेगी तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहेगा।
बैठक के दौरान मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया, बीएलओ द्वारा किए जा रहे सत्यापन कार्य तथा प्रगणक फॉर्म (Enumeration Form) को सही ढंग से भरने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित रूप से दर्ज हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
इस अवसर पर प्रशासन ने राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और फर्जी खबरों से सतर्क रहने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की आधिकारिक सूचना के लिए केवल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) की अधिकृत वेबसाइट एवं निर्वाचन विभाग द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने नागरिकों से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते निबंधन कराने की अपील की।
“मत डालना आपका अधिकार है, मतदाता बनें। मतदाता सूची में निबंधन करायें, मतदान का अधिकार पायें।”
