मुंबई। राजनीति से जुड़े लोगों को तो एक बात स्वीकार करनी ही होगी कि उत्तर भारतीय समाज में कृपाशंकर सिंह ने जो मुकाम और सम्मान हासिल किया है, वह विरले लोगों को ही नसीब हुआ है । डॉ राम मनोहर त्रिपाठी के बाद अगर किसी व्यक्ति ने संपूर्ण उत्तर भारतीय समाज के दिलों में अपनी जगह बनाई है, तो वह सिर्फ और सिर्फ कृपाशंकर सिंह हैं। कल उनका जन्मदिन है और आज अगर चार प्रमुख हिंदी अखबारों पर नजर दौड़ाएं तो यादव समाज के प्रतिष्ठित लोगों द्वारा सबमें फुल पेज का शुभकामनाओं वाला विज्ञापन दिया गया है। क्या इसके पहले किसी उत्तर भारतीय नेता के जन्मदिन के निमित्त इतने विज्ञापन दिए गए हैं? विज्ञापन की छोड़िए, उनके आने की सूचना मात्र से ही उनका स्वागत करने के लिए सैकड़ो की संख्या में लोग पहुंच जाते हैं। इसका एक छोटा सा नमूना आज मीरा रोड स्टेशन पर देखने को मिला। कृपाशंकर सिंह के अत्यंत करीबी कृपाशंकर पांडे ने मीरा रोड स्थित अपने नए फ्लैट में गृह प्रवेश पूजा का कार्यक्रम रखा था। कृपाशंकर सिंह को तो आना ही था। बांद्रा से वे लोकल ट्रेन द्वारा मीरा रोड स्टेशन पहुंचे। उनसे आने की सूचना मात्र से ही सैकड़ो प्रबुद्ध उत्तर भारतीय उन्हें रिसीव करने के लिए स्टेशन पहुंच गए। जैसे ही वे प्लेटफार्म से ऊपर स्थित स्काई वॉक पर आए लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सुप्रसिद्ध बिल्डर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह के अलावा वरिष्ठ समाजसेवक रत्नाकर मिश्रा, मोर्चा के जिला महामंत्री कमलेश दुबे, युवा नेता विवेक उपाध्याय, समाजसेवी ओमप्रकाश सिंह, युवा नेता रोहन दुबे, सूरज झावेरी , सीबी नायर समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

