जौनपुर के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्मित रोडवेज बस अड्डे के घटिया निर्माण ने स्थानीय विधायक रमेश चंद्र मिश्रा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरोखनपुर गांव में 5.54 करोड़ रुपये की लागत से बने इस बस अड्डे का उद्घाटन 8 दिसंबर 2024 को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया था, लेकिन पहली ही मूसलाधार बारिश ने निर्माण की पोल खोल दी। गुरुवार रात की बारिश में बस अड्डे की इंटरलॉकिंग फर्श धंस गई, तालाब की चहारदीवारी लटक गई, और बाउंड्रीवाल टूट गई। एक दर्जन पंखे, जाली, और सबमर्सिबल की फर्श भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे भ्रष्टाचार की बू साफ तौर पर महसूस की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधायक रमेश मिश्रा ने निर्माण कार्यों की निगरानी में घोर लापरवाही बरती। इतनी बड़ी राशि से बने बस अड्डे में मानक और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। अभी बसों का संचालन भी पूरी तरह शुरू नहीं हुआ, फिर भी निर्माण की कमियां उजागर हो गईं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक की निष्क्रियता और अधिकारियों से साठगांठ के चलते जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हुआ। जब जिम्मेदार विभाग से सवाल किया गया, तो अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। यह घटना विधायक मिश्रा की विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी को दर्शाती है। जनता अब सवाल उठा रही है कि क्या विधायक अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं?

