रामनवमी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन की एकजुटता से जनता में बढ़ा भरोसा
धनबाद (कतरास):
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कतरास क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी एवं एसडीएम लोकेश बारंगे के संयुक्त नेतृत्व में वज्र वाहन के साथ भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसने आम लोगों के बीच सुरक्षा और विश्वास का मजबूत संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों के साथ पूरे थाना क्षेत्र का भ्रमण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
अधिकारियों ने कतरास थाना में बैठक कर सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएं तथा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि हर जुलूस के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाघमारा डीएसपी के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाएंगे।
फ्लैग मार्च कतरास थाना से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों का परिभ्रमण करते हुए राजगंज की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान सीसीआर डीएसपी सुमित कुमार, साइबर डीएसपी संजीव कुमार, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार, डीएसपी प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर प्रकाश महतो, अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, यातायात थाना प्रभारी जयप्रकाश, मेजर राजेश कुमार सहित कई अधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
कतरास में निकला यह फ्लैग मार्च प्रशासन की एकजुटता, सतर्कता और जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। इससे साफ है कि जिला प्रशासन रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
– वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया

