जोगता मोड़ पर दिनदहाड़े छिनतई! पानी फल खरीदने के बहाने पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने पिता के हाथ से झपटे ₹2,400
जोगता (धनबाद): धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगता मोड़ में शनिवार शाम करीब 4:05 बजे छिनतई की घटना सामने आई है। मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक पानी फल खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे और मौका मिलते ही बच्ची के पिता अशोक साव के हाथ से ₹2,400 झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रानी कुमारी जोगता मोड़ पर पानी फल बेच रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और तीन पाव पानी फल तौलने को कहा। युवकों ने बच्ची को ₹500 का नोट दिखाया। इस पर बच्ची ने पास में ही टोटो लेकर खड़े अपने पिता अशोक साव से खुले पैसे देने को कहा।
इसी बीच दोनों युवकों ने मौका पाकर अशोक साव के हाथ से ₹2,400 झपट लिए और मोटरसाइकिल से तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से पिता-पुत्री घबरा गए। आसपास के लोगों को जब तक कुछ समझ में आता, तब तक दोनों युवक वहां से निकल चुके थे।
दिनभर की मेहनत की कमाई लेकर फरार हुए बदमाश
बताया जाता है कि अशोक साव पुराना श्याम बाजार स्थित बर्फ फैक्ट्री के समीप रहते हैं। वह टोटो चलाने और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दिनभर की मेहनत से जुटाई गई कमाई इस तरह छिन जाने से परिवार काफी परेशान है। पीड़ित परिवार के लिए यह रकम काफी मायने रखती है।
सूचना मिलते ही जांच में जुटी जोगता पुलिस, आवेदन का इंतजार
घटना के बाद अशोक साव ने छिनतई की सूचना जोगता थाना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना थाना को दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पीड़ित की ओर से इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।
वहीं, पुलिस जोगता मोड़ पर स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और छीनी गई रकम बरामद कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के आधार पर छिनतई करने वाले दोनों युवकों तक पुलिस कब तक पहुंच पाती है।


