छठ महापर्व का भव्य समापन: जोगता से हरिना तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने किया पारण
वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया | अखंड राष्ट्र
कतरास/बाघमारा (धनबाद)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। इस अवसर पर जोगता, सेन्द्रा, कतरी नदी किनारे स्थित छठ घाटों से लेकर बाघमारा के हरिना स्थित शनि मंदिर सायर बांध तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह होते ही पूरा क्षेत्र छठी मइया के गीतों और भगवान भास्कर के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की अहले सुबह से ही छठ व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना होने लगे। कोई सिर पर दउरा लेकर चल रहा था तो कोई हाथों में पूजा का सूप लिए छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाट पहुंच रहा था। देखते ही देखते विभिन्न जलाशयों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली
जोगता, सेन्द्रा और कतरी नदी के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों ने पानी में खड़े होकर सूर्योदय की प्रतीक्षा की। भगवान भास्कर के दर्शन होते ही श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज में सुख-शांति की कामना की गई।
अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले कठिन व्रत और पूजा-अर्चना का समापन हुआ।
हरिना के सायर बांध में दिखी आकर्षक विद्युत सज्जा
बाघमारा के हरिना स्थित शनि मंदिर के समीप सायर बांध तालाब में छठ महापर्व को लेकर विशेष आकर्षण देखने को मिला। तालाब और घाट परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया था। यहां भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
रंग-बिरंगी रोशनी, छठी मइया के भक्तिगीत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी सायर बांध में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
घाटों पर जाने से पहले सड़कों और गलियों की हुई सफाई
छठ महापर्व में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व है। सोमवार की सुबह घाटों पर जाने से पहले श्रद्धालुओं ने अपने घरों के आसपास की सड़कों और गलियों में झाड़ू लगाई तथा पानी का छिड़काव किया। कई परिवारों ने पूजा की तैयारी के साथ अपने आसपास के रास्तों को भी साफ-सुथरा रखा।
सुबह चार बजे के बाद से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। कई स्थानों पर ढोल-ढाक और पारंपरिक छठ गीतों के बीच व्रती घाट पहुंचे। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी परिवार के साथ इस पावन अवसर के साक्षी बने।
आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ महापर्व
छठ पूजा के दौरान जोगता, सेन्द्रा, कतरी नदी और हरिना सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। इस महापर्व ने एक बार फिर समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग, स्वच्छता और एकजुटता का संदेश दिया।
सूर्य उपासना के इस महापर्व में व्रतियों की अटूट श्रद्धा, परिवारों की सहभागिता और स्थानीय लोगों का सहयोग पूरे आयोजन की विशेष पहचान बना रहा। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही क्षेत्र में चार दिवसीय छठ महापर्व का भक्तिमय समापन हुआ।


