फरार आरोपी पर बाघमारा पुलिस का शिकंजा! ढोल-नगाड़े के साथ घर पर चिपकाया इश्तिहार, आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
बाघमारा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को लेकर बाघमारा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंदरा पंचायत के मुखिया पति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ उसके घर पर इश्तिहार चिपकाया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बचकर लंबे समय तक फरार रहना आसान नहीं है।
मामला बाघमारा थाना कांड संख्या 57/25 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, बीते वर्ष 25 अगस्त की शाम मंदरा पंचायत के मुखिया पति पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना के बाद बाघमारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था तथा उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है। वहीं, अप्राथमिकी अभियुक्त शेख मिराज उर्फ मिराज आलम उर्फ मिराज खान घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।
लगातार फरारी और गिरफ्तारी नहीं होने के बाद माननीय न्यायालय के निर्देश पर बाघमारा पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची और विधि सम्मत तरीके से ढोल-नगाड़े के साथ इश्तिहार चिपकाने की कार्रवाई पूरी की। न्यायालय की प्रक्रिया के तहत आरोपी को आत्मसमर्पण करने का संदेश दिया गया है।
आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बावजूद यदि आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के आदेशानुसार उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।
बाघमारा पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों को सख्त संदेश
इस कार्रवाई के जरिए बाघमारा पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध भी कानून के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की सक्रियता और न्यायालय के आदेश के अनुपालन से आम लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।
अब देखना होगा कि न्यायालय की इस प्रक्रिया के बाद फरार आरोपी कब तक आत्मसमर्पण करता है।


