धनबाद: जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा धनबाद पुलिस को 40 नए आधुनिक बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सोमवार को पुलिस लाइन धनबाद से उपायुक्त आदित्य रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की कार्यक्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी। इससे शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी गश्ती व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा से पहले जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि जिले को मिले 40 बोलेरो वाहन और 45 अपाची बाइक का उपयोग मुख्य रूप से गश्ती और त्वरित पुलिस कार्रवाई के लिए किया जाएगा। इससे अपराध नियंत्रण में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
नए वाहनों को जिले के कई थाना क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया है। इनमें राजगंज, तोपचांची, बाघमारा, हरिहरपुर, कतरास, निरसा, पंचेत ओपी, टुंडी, पूर्वी टुंडी, चिरकुंडा, धनबाद, सरायढेला, बैंकमोड़, धनसार, भूली ओपी, गोविंदपुर, बरवाअड्डा, जोड़ापोखर, झरिया, बलियापुर, पुटकी, केंदुआडीह, जोगता, लोयाबाद, महुदा, मधुबन, तेतुलमारी और बरोरा थाना सहित विभिन्न पुलिस अंचल कार्यालय शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले में गश्ती व्यवस्था तेज होगी और आम लोगों की सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

