धनबाद शहर के व्यस्त बरटांड़ इलाके में गुरुवार रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया। अपराधियों ने एक मोबाइल शोरूम और सटे मेडिकल स्टोर में घुसकर नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
शुक्रवार को जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। मोबाइल दुकान के संचालक रंजीत सिंह के अनुसार, दुकान के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई महंगे मोबाइल फोन गायब थे। अंदेशा है कि चोरों ने पहले से रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया।
पहले CCTV किया बंद, फिर की चोरी
घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने चालाकी दिखाते हुए सीसीटीवी सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया। कैमरों की केबल काट दी गई ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद आराम से दुकान में रखे सामान को समेटकर फरार हो गए।
दवा दुकान में भी सेंधमारी
मोबाइल दुकान के बगल में स्थित दवा दुकान को भी निशाना बनाया गया। संचालक उत्तम कुमार तिवारी के मुताबिक, चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी के साथ अन्य सामान भी ले गए।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि इतने व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

