28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 4.24 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
धनबाद, 27 जून 2026। जिले में आगामी 28 जून से 30 जून तक पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो से बचाव की दो बूंद जिंदगी की दवा पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है।
अभियान की जानकारी देने के लिए शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी देशों अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बार पोलियो की खुराक देना आवश्यक है।
1976 बूथों पर पिलाई जाएगी दवा
सिविल सर्जन ने बताया कि 28 जून को जिलेभर के 1976 बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इनमें 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीमें तथा विशेष टीमें शामिल हैं। अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा दवा की गुणवत्ता बनाए रखने एवं समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 137 सब-डिपो बनाए गए हैं।
उपायुक्त करेंगे अभियान का शुभारंभ
पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन द्वारा 28 जून को सुबह 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद सदर से किया जाएगा।
घर-घर जाकर पिलाई जाएगी दवा
सिविल सर्जन ने बताया कि 28 जून को बूथों पर दवा पिलाने के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
पत्रकार वार्ता में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रोहित गौतम, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. दीपक कुमार तथा डीपीएम प्रतिमा कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” देकर अपने बच्चों को पोलियो मुक्त भारत के अभियान का हिस्सा बनाएं और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दें।

