दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके द्वारा की गई आक्रामक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के साथ-साथ CJP द्वारा शिवसेना को बीजेपी की ‘शेल कंपनी’ कहे जाने पर शिवसेना बुरी तरह भड़क गई है। पार्टी के आक्रामक नेता संजय निरुपम ने CJP और अभिजीत दीपके पर सीधा पलटवार करते हुए उन्हें राजनीति के नए ‘Joker’ करार दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CJP ने शिवसेना की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी ने उस जनता और जनादेश के साथ गद्दारी की है जिसका सालों-साल खाया। CJP ने कटाक्ष किया कि जिन लोगों के दम पर राजनीति चमकाई गई, उन्हीं को धोखा देकर विधायक और सांसद चुराए गए और रातों-रात पाला बदलकर सरकार बना ली गई। इसी बात पर पलटवार करते हुए संजय निरुपम ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया।
यह भी पढ़ें: CJP Press Conference: 48 घंटे का अल्टीमेटम, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और ‘जंतर-मंतर 2.0’ का ऐलान
संजय निरुपम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत की राजनीति में आए इन नए जोकरों को हम बताना चाहेंगे कि शिवसेना किसी की शेल कंपनी या प्रॉक्सी पार्टी नहीं है, बल्कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर काम करने वाला संगठन है।” अपनी पार्टी के बचाव में आंकड़े गिनाते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने पार्टी को 60 विधायक, 7 सांसद और 1000 से ज्यादा नगरसेवक दिए हैं, और इतना जनसमर्थन किसी सौदेबाजी वाली कंपनी को नहीं मिलता।
निरुपम ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व का हवाला देते हुए तंज कसा कि ऐसा अगाध विश्वास हासिल करने के लिए इन “जोकरों” को दूसरा जन्म लेना पड़ेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि CJP जिन नेताओं के लिए आंसू बहा रही है, उन्हें महाराष्ट्र की जनता उनके निकम्मेपन के चलते पहले ही नकार चुकी है।
एक तरफ जहां CJP लगातार गद्दारी, विधायक चुराने और जनादेश के चीरहरण जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शिवसेना को कटघरे में खड़ा कर रही है, वहीं शिवसेना के इस आक्रामक जवाब ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच का यह सियासी टकराव और अधिक खतरनाक रूप लेने वाला है।

